LPG Gas Crisis: राज्यसभा में खरगे ने LPG पर उठाया सवाल तो किरेन रिजिजू ने टोका, जेपी नड्डा बोले- ‘संकट भारत के चलते नहीं’
LPG Gas Crisis

Iran US War: राज्यसभा में विपक्ष ने सोमवार को एलपीजी गैस की किल्लत का मुद्दा बनाकर जमकर हंगामा किया. सरकार की तरफ के रिजिजू और नड्डा ने जवाब भी दिया.
अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध की वजह से देश पर एलपीजी गैस की किल्लत का खतरा मंडरा रहा है. हालांकि केंद्र सरकार ने दावा किया है कि देश में किसी तरह की कमी नहीं है. इस बीच संसद में एलपीजी गैस के मुद्दे पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया. विपक्ष ने सोमवार (16 मार्च) को केंद्र सरकार से इसको लेकर जवाब भी मांगा. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि संसद में इस मसले पर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन तभी केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उन्हें टोक दिया. इस बीच जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर हमला बोल दिया.
राज्यसभा में खरगे ने गैस की दिक्कत पर सवाल उठाया. इसके जवाब में नड्डा ने कहा, ‘कांग्रेस विपत्तिकाल में भी राजनीति करने से पीछे नहीं हट रही है. यह विपत्ति भारत के कारण नहीं आई है, जो अंतरराष्ट्रीय स्थिति हुई है, इसकी वजह से यह क्राइसिस आई है. इसके बारे में हरदीप पुरी ने हाउस में पूरी बात कही है.’
कांग्रेस पर जनता को उकसाने का लगाया आरोप
नड्डा ने कांग्रेस पर लोगों को उकसाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस का नेता सिलेंडर की होर्डिंग में पकड़ा गया है. इन्होंने होर्डिंग की है, ये जनता को उकसाने का काम कर रहे हैं. ये ऐसी परिस्थिति में राजनीति से बाज नहीं आते हैं.’
